पुनीत झा/मुजफ्फरपुर
मुजफ्फरपुर। दूरदर्शन केन्द्र, पटना व मुजफ्फरपुर बॉटनिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट(एमबीआरआई), भटौलिया के संयुक्त तत्वावधान में 22 जनवरी, शुक्रवार को एमबीआरआई परिसर में ‘कृषि की नवीनतम तकनीक से किसानों की आय में वृद्धि’ विषय पर क्रॉप सेमिनार होगा। जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों के प्रगतिशील किसान भाग लेंगे।

उनके मार्गदर्शन के लिए लीची अनुसंधान केन्द्र, मुजफ्फरपुर के निदेशक डॉ.विशाल नाथ, कृषि विज्ञान केन्द्र पिपराकोठी की डॉ. नीलम कुमारी, बिहार कृषि विवि सबौर के डॉ.एसके सोलंकी, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्व विद्यालय के डॉ.देवेंद्र सिंह, कृषि विज्ञान केन्द्र हाजीपुर की डॉ. सुनीता कुमारी, कृषि विज्ञान केंद्र मुजफ्फरपुर के डॉ.एसके गुप्ता, डॉ. केके सिंह और जिला मत्स्य पदाधिकारी डॉ.टुनटुन कुमार विभिन्न विषयों पर चर्चा करेंगे। यह जानकारी शुक्रवार को दूरदर्शन केंद्र, पटना के तकनीकी इंजीनियर उत्तम लाल यादव, रवीन्द्र कुमार और एमबीआरआई भटौलिया के संस्थापक अविनाश कुमार ने संयुक्त रूप से दी। बताया कि उक्त अवसर पर उत्तर बिहार के नामचीन कलाकारों द्वारा लोकगीत, झूमर, सामा चकेवा आदि की प्रस्तुति भी होगी। सभी कार्यक्रमों का प्रसारण दूरदर्शन बिहार सहित दूरदर्शन के अन्य चैनलों पर किया जाएगा।